UP Board Exam 2022 अपडेट : यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों के घर आएगी एक खास चिट्ठी, जानें क्या होगा इसमें
UP Board Exam 2022 अपडेट : यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों के घर आएगी एक खास चिट्ठी, जानें क्या होगा इसमें
यूपी बोर्ड परीक्षा देने जा रहे 87,771 विद्यार्थियों को इस बार ‘सफलता की चिट्ठी’ मिलने वाली है। यह चिट्ठी उनके नाम से उनके घर या स्कूल के पते पर पहुंचेंगी। अधिकारियों के साथ ही बोर्ड के पूर्व टॉपर इन पत्रों को भेजेंगे। पत्रों के जरिये विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा ( UPMSP UP Board 10th 12th Exam 2022 ) में सफलता पाने के टिप्स दिए जाएंगे। बरेली जिले में इस बार हाईस्कूल के 46,948 और इंटर के 40,823 विद्यार्थी यूपी बोर्ड परीक्षा देने जा रहे हैं। इन छात्रों को प्रेरित करने के लिए डीआईओएस डॉ मुकेश कुमार सिंह ने ‘सफलता की चिट्ठी’ भेजने की योजना बनाई है।
योजना के तहत बोर्ड परीक्षा देने जा रहे सभी छात्र-छात्राओं के नाम एक पत्र भेजा जाएगा। पत्र के जरिये छात्रों का परीक्षा ( UP Board High School Inter Exam 2022 ) को लेकर डर खत्म किया जाएगा। उन्हें उनके लक्ष्य तक पहुंचने के सूत्र बताए जाएंगे। विद्यार्थियों को इस बात का अहसास दिलाया जाएगा कि टॉपर बनना कोई बड़ी बात नहीं है। बस उन्हें सटीक कार्ययोजना के साथ तैयारी करने की जरूरत है। एक पत्र खुद डीआईओएस ने भी तैयार किया है। यह जल्द ही छात्रों को प्रेषित कर दिया जाएगा। उनके साथ ही बोर्ड के सफल पुरा छात्र भी पत्र लिखेंगे। यह छात्र पत्र में पढ़ाई के दिनों के अपने संघर्ष और उससे जीतने की कहानी भी बयां करेंगे।
डीआईओएस ने भी लिखा है पत्र
डीआईओएस ने अपने पत्र में लिखा है, प्रिय बच्चों, आपके अंदर अपार ऊर्जा तथा क्षमता भरी हुई है, जिसका उपयोग सुनियोजित तरीके से तनावमुक्त होकर करना है। सफलता पाने के लिए जरूरी है कि अर्जुन की भांति चिड़िया की आंख के समान अपने लक्ष्य पर पूर्णतया केंद्रित रहे। परीक्षा की चिंता से बचने के लिए यह बात सदैव मस्तिष्क में रखें कि संपूर्ण जीवन विभिन्न परीक्षाओं की अनवरत श्रंखला है। उन्हें में से एक छोटी सी परीक्षा आप की बोर्ड परीक्षा भी है। आपका कार्य केवल अपने पाठ्यक्रम को अच्छे से तैयार कर परीक्षा में सम्मिलित होना है।
डीआईओएस ने पत्र में दिए यह टिप्स
- पढ़ाई के दौरान हर दो घण्टे में दस मिनट का ब्रेक लें
- पढ़ाई के साथ ही सोने, खेलने, योग-व्यायाम के लिए भी समय सारिणी बनाएं
- रोज 8 से 10 घंटे का अध्ययन करें। पहले आसान उसके बाद कठिन विषय वस्तु तैयार करें।
- परीक्षा के लिए निर्धारित समय के अनुसार प्रश्नों को लिखकर हल करने का अभ्यास करें।
- स्मार्टफोन का कम से कम प्रयोग करें और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रहें।
- पौष्टिक भोजन ले। ताजे फल, नारियल पानी, दूध के उत्पाद, ड्राई फ्रूट का अधिक सेवन करें। चाय, कॉफी जैसे कैफीन युक्त पदार्थों से बचें।
- परीक्षा भवन में 15 मिनट केवल पेपर को आराम से पढ़ें। घबराएं नहीं, सकारात्मक होकर प्रश्नों को व्यवस्थित ढंग से क्रमवार हल करने की रणनीति दिमाग में तैयार करें। फिर लिखना शुरू करें।
Quiz
Get latest Exam Updates
